• Home
  • अररिया
  • अररिया/ RITM में स्वामी महेश्वरानंद जी महाराज का प्रेरणादायी आगमन : शिक्षा एवं चरित्र निर्माण पर दिया विशेष संदेश
Image

अररिया/ RITM में स्वामी महेश्वरानंद जी महाराज का प्रेरणादायी आगमन : शिक्षा एवं चरित्र निर्माण पर दिया विशेष संदेश

फारबिसगंज (अररिया), 06 मई 2026 : रुंगटा इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (RITM), फारबिसगंज परिसर में बुधवार को रामकृष्ण मिशन, कटिहार के सचिव स्वामी महेश्वरानंद जी महाराज का सौजन्य आगमन हुआ। उनके आगमन से पूरे संस्थान परिसर में उत्साह एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।

अपने दौरे के दौरान स्वामी महेश्वरानंद जी महाराज ने संस्थान में चल रहे शैक्षणिक एवं आधारभूत संरचना विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक कंप्यूटर लैब, डिजिटाइज्ड लाइब्रेरी, निर्माणाधीन प्रयोगशालाओं एवं इंजीनियरिंग वर्कशॉप्स का अवलोकन करते हुए संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।

स्वामी जी ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि
“शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं समाज सेवा की भावना विकसित करना है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी आधारशिला है।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. राशिद हुसैन, MDMS के निदेशक डॉ. संजय प्रधान सहित संस्थान के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने स्वामी जी का स्वागत किया तथा संस्थान की वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों ने स्वामी जी के विचारों को प्रेरणास्रोत बताते हुए संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर समर्पित रहने का संकल्प लिया।

स्वामी महेश्वरानंद जी महाराज का यह दौरा संस्थान के लिए प्रेरणा, सकारात्मक सोच एवं नई ऊर्जा का संदेश लेकर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *