• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की संगठनात्मक तैयारियां, बूथ समितियों के पुनर्गठन पर मंथन
Image

चंडीगढ़/ नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा ने तेज की संगठनात्मक तैयारियां, बूथ समितियों के पुनर्गठन पर मंथन

श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला भाजपा की बैठक में प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय समिति बनाने पर जोर, सक्रिय कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएंगी अहम जिम्मेदारियां

चंडीगढ़, 29 अक्टूबर 2026 : आगामी नगर निगम चुनाव को ध्यान में रखते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला भाजपा ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की दिशा में तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला अध्यक्ष सुच्चा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, समितियों के पुनर्गठन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक का मुख्य एजेंडा प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय समिति का गठन करना और बदले हुए बूथ नंबरों के अनुरूप संगठनात्मक ढांचे को व्यवस्थित करना रहा। इस दौरान सक्रिय बूथ अध्यक्षों और समिति सदस्यों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

बैठक में जिला प्रभारी एवं वार्ड नंबर 21 के प्रभारी बिनोद राणा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अवि भसीन, मंडल जनरल सेक्रेटरी मोहन वर्मा तथा राजनीकांत मुखर्जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर संगठनात्मक गतिविधियों को सक्रिय रखने, लोगों से संपर्क बढ़ाने और पार्टी की गतिविधियों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर बूथ अध्यक्षों और समिति सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपने की रूपरेखा पर भी विचार किया गया।

जिला भाजपा के जनरल सेक्रेटरी राजनीकांत मुखर्जी ने बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि संगठन को नई गति देने और बूथ स्तर पर कार्यों की समीक्षा के लिए आने वाले दिनों में इस तरह की अन्य बैठकें भी आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *