डॉ. शत्रुघ्न मंडल ने किया प्रतिष्ठान का उद्घाटन, सरिया, सीमेंट, बालू और गिट्टी समेत निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने की पहल
दीपक कुमार, अररिया
सिकटी (अररिया), 29 अक्टूबर 2026 : ग्रामीण इलाकों में तेजी से बढ़ती आवासीय एवं अन्य निर्माण गतिविधियों के बीच सिकटी प्रखंड के लोगों को अब भवन निर्माण सामग्री की खरीदारी के लिए दूर-दराज के बाजारों का रुख नहीं करना पड़ेगा। तीरा गांव के खुटहारा मोड़ के समीप PDJ (प्रीतम देवेन्द्र झा) इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रेडर्स के रूप में निर्माण सामग्री का नया प्रतिष्ठान शुरू किया गया है। बुधवार को आयोजित समारोह में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं राजद के वरिष्ठ नेता डॉ. शत्रुघ्न मंडल ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. शत्रुघ्न मंडल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों का विस्तार स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ लोगों की सुविधाओं में भी इजाफा करता है। निर्माण सामग्री का प्रतिष्ठान खुलने से सिकटी और आसपास के गांवों के लोगों को खरीदारी में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर इंजीनियर प्रीतम कुमार झा को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतिष्ठान के माध्यम से ग्राहकों को भवन निर्माण से जुड़ी प्रमुख सामग्रियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। प्रोपराइटर इंजीनियर प्रीतम कुमार झा ने बताया कि यहां उच्च गुणवत्ता वाली छड़ (सरिया), गिट्टी, बालू, सीमेंट सहित अन्य निर्माण सामग्री उचित एवं किफायती कीमतों पर उपलब्ध कराई जाएगी। उनका कहना है कि ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता, सही वजन और समय पर डिलीवरी देना प्रतिष्ठान की प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे निर्माण कार्यों को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, ताकि स्थानीय लोगों को जरूरी सामग्री के लिए दूसरे बाजारों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने क्षेत्रवासियों से प्रतिष्ठान को अपनी सेवा का अवसर देने की अपील की।
समारोह में डॉ. प्रेम प्रकाश, सरोज मंडल, गुंजन कौशिक, सुमन झा, राकेश झा, दीपक राज, धर्मेंद्र करदार, लालमोहन चौधरी, मृत्युंजय आनंद और इंजीनियर चंदन झा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, व्यवसायी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने नई व्यावसायिक पहल का स्वागत करते हुए प्रतिष्ठान के सफल संचालन की कामना की।

















