ऑनलाइन कारोबार से परंपरागत व्यापारियों को हो रहे नुकसान पर जताई चिंता
व्यापारियों की पेंशन और व्यापारी आयोग के गठन की मांग को लेकर संघर्ष जारी रहेगा : गोपाल शरण गर्ग
चंडीगढ़, 28 अक्टूबर : व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा, उचित सम्मान और कारोबार के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच ने अपना संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया है। मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू करवाना और व्यापारी आयोग का गठन संगठन की प्रमुख मांगें हैं। इन मांगों को पूरा करवाने के लिए सरकार और संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवाज उठाई जाती रहेगी।
चंडीगढ़ में आयोजित मंच की बैठक एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोपाल शरण गर्ग ने ऑनलाइन कारोबार के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे पारंपरिक दुकानदारों और मेहनत से अपना कारोबार चलाने वाले व्यापारियों के सामने चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरों में दुकान चलाने वाले लोगों से संगठन को कोई आपत्ति नहीं है। चिंता का विषय कारोबार के ऐसे तौर-तरीके हैं, जिनसे परंपरागत व्यापारियों के हित प्रभावित होते हैं।
गर्ग ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था को गति देने, रोजगार के अवसर पैदा करने और करों के माध्यम से विकास में योगदान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके हितों की रक्षा, समस्याओं का समाधान और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सम्मानजनक स्थान दिलाने के लिए संगठन अपनी गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाएगा।
इस अवसर पर मंच के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष तरसेम मित्तल ने कहा कि शहर के व्यापारियों को स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं को प्रशासन और नगर निगम के समक्ष उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को एकजुट करने, उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ में व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
तरसेम मित्तल ने कहा कि व्यापारियों को उचित सम्मान, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं दिलाने के लिए संगठन निरंतर प्रयास करेगा। बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं, उनके कल्याण और संगठन को मजबूत बनाने से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
उल्लेखनीय है कि तरसेम मित्तल आम आदमी पार्टी के व्यापार विंग के उपाध्यक्ष भी हैं। मंच ने व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा और उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए अपने प्रयास तेज करने की प्रतिबद्धता जताई।

















