आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स ने The Aarlis Hotel Panchkula का किया शुभारंभ : 145 कमरों वाला लक्ज़री होटल वैश्विक ब्रांड से जुड़ा
पंचकूला, 31 जुलाई : अंतरराष्ट्रीय होटल श्रृंखला आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स (IHG Hotels & Resorts) ने हरियाणा के पंचकूला में The Aarlis Hotel Panchkula, Vignette Collection का उद्घाटन कर भारत और दक्षिण-पश्चिम एशिया में अपने प्रीमियम विग्नेट कलेक्शन ब्रांड की औपचारिक शुरुआत कर दी है। शिवालिक पर्वतमाला की खूबसूरत पृष्ठभूमि में स्थित यह 145 कमरों वाला होटल अब आईएचजी के लक्ज़री एवं लाइफस्टाइल पोर्टफोलियो का हिस्सा बन गया है।
आईएचजी के अनुसार, विग्नेट कलेक्शन उन विशिष्ट होटलों का वैश्विक संग्रह है जो अपनी स्थानीय संस्कृति, अलग पहचान और अनूठे आतिथ्य अनुभव के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में यह ब्रांड 17 देशों में 34 होटलों तक पहुंच चुका है तथा आने वाले वर्षों में 45 नए होटल इससे जुड़ने वाले हैं।
चंडीगढ़ ट्राइसिटी क्षेत्र में स्थित यह होटल व्यावसायिक यात्रियों के साथ-साथ अवकाश बिताने आने वाले पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होगा। यहां से मोरनी हिल्स, सुखना झील, रॉक गार्डन और चंडीगढ़ कैपिटल कॉम्प्लेक्स जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है।
आईएचजी साउथ वेस्ट एशिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सुदीप जैन ने कहा कि भारत में विग्नेट कलेक्शन की शुरुआत कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार में लक्ज़री और लाइफस्टाइल पर्यटन की तेज़ी से बढ़ती मांग को देखते हुए यह ब्रांड यात्रियों को अलग और यादगार अनुभव उपलब्ध कराएगा तथा पंचकूला इस यात्रा की आदर्श शुरुआत है।
होटल के जनरल मैनेजर नीलाभ चुघ ने कहा कि The Aarlis Hotel की परिकल्पना पंचकूला की स्थानीय संस्कृति, शिवालिक की प्राकृतिक सुंदरता और आधुनिक आतिथ्य को एक साथ प्रस्तुत करने के उद्देश्य से की गई है। अब यह अनुभव अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक प्रतिष्ठित ब्रांड के माध्यम से दुनिया भर के मेहमानों तक पहुंचेगा।
होटल में आधुनिक तकनीक से लैस स्मार्ट रूम, ऑटोमेटेड क्लाइमेट कंट्रोल, टच-बेस्ड कर्टेन सिस्टम और एडजस्टेबल लाइटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। खान-पान के लिए होटल में कई विशेष रेस्तरां और कैफे विकसित किए गए हैं, जिनमें Sapio, Cabinet V, Wakerie, Jigger और रूफटॉप डाइनिंग स्पेस Sky VI प्रमुख हैं। इसके अलावा स्पा, फिटनेस सेंटर, स्विमिंग पूल, सैलून तथा लगभग 30 हजार वर्गफुट में फैले बैंक्वेट एवं कॉन्फ्रेंस स्पेस भी उपलब्ध हैं।
होटल में प्रतिदिन शाम ‘वेणु-नाद’ नामक विशेष सांस्कृतिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दीप प्रज्ज्वलन के साथ बांसुरी और तबले की लाइव प्रस्तुति मेहमानों को स्थानीय संस्कृति से जोड़ने का अवसर देगी।
सामाजिक दायित्व के तहत होटल ने Chhoti Si Asha संस्था के साथ साझेदारी की है। इस पहल के माध्यम से वंचित महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों का उपयोग होटल में किया जाएगा, जिससे उन्हें रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिलेगा।
आईएचजी का लॉयल्टी प्रोग्राम IHG One Rewards भी इस होटल में लागू रहेगा, जिसके तहत मेहमानों को ठहरने के दौरान विभिन्न विशेष सुविधाएं और रिवॉर्ड्स प्राप्त होंगे।

















