• Home
  • अररिया
  • अररिया/ फारबिसगंज के पाई वर्ल्ड स्कूल में इंवेस्टिचर सेरेमनी का हुआ भव्य आयोजन
Image

अररिया/ फारबिसगंज के पाई वर्ल्ड स्कूल में इंवेस्टिचर सेरेमनी का हुआ भव्य आयोजन

नौकरी पाने नहीं, रोजगार बनाने की सोच के साथ पढ़ें बच्चे : विकास वैभव

फारबिसगंज (अररिया) : स्थानीय पाई वर्ल्ड एवं पाई किड्स प्ले स्कूल में शनिवार को आयोजित इन्वेस्टिचर सेरेमनी एक प्रेरणादायक आयोजन के रूप में संपन्न हुई, जिसमें सीनियर आईपीएस अधिकारी एवं बिहार राज्य योजना परिषद के सदस्य विकास वैभव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर विद्यार्थियों को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न हाउस के कैप्टन, वाइस कैप्टन एवं अन्य छात्र-छात्राओं को बैज प्रदान कर उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अनुशासन, समर्पण और उत्साह का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जो विद्यालय के सुदृढ़ शैक्षणिक वातावरण को दर्शाता है।

अपने संबोधन में विकास वैभव ने बिहार के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालय विश्व में ज्ञान के केंद्र थे। उन्होंने कहा कि आज भी बिहार में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें सही दिशा देने की।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसी क्षमता विकसित करनी चाहिए जिससे वे स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर उत्पन्न कर सकें। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में हीन भावना से दूर रहने की सलाह दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। विद्यालय पहुंचने पर मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत परेड और बैंड की धुनों के साथ किया गया, जिसने पूरे माहौल को गरिमामय बना दिया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल ने संस्थान की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षकगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *