मोहाली, 25 जुलाई : योग, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली को समर्पित योग अभ्यास संस्थान ने शुक्रवार को अपना तीसरा स्थापना दिवस मोहाली स्थित एमराल्ड होटल (वृंदावन वाइब्स) में हर्षोल्लास, सौहार्द एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर वंदना एवं प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने संस्थान की तीन वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा को याद करते हुए योग से प्राप्त शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के अपने अनुभव साझा किए।
संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सीमा कपिल सेठी ने कहा कि योग अभ्यास संस्थान पिछले तीन वर्षों से चंडीगढ़ के सुखना लेक (बोटिंग प्वाइंट) पर नियमित रूप से योग, प्राणायाम एवं ध्यान की कक्षाओं का संचालन कर रहा है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से अनेक लोगों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द, तनाव तथा जीवनशैली से जुड़ी अन्य समस्याओं में उल्लेखनीय लाभ मिला है। संस्थान का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर स्वस्थ, जागरूक एवं सकारात्मक समाज का निर्माण करना है।
समारोह का एक विशेष आकर्षण एमराल्ड होटल (वृंदावन वाइब्स) का आध्यात्मिक एवं सात्विक वातावरण रहा। होटल की भारतीय संस्कृति से प्रेरित स्थापत्य शैली, शांत वातावरण और सात्विक भोजन की सभी अतिथियों ने सराहना की। होटल प्रबंधन की आत्मीय मेहमाननवाजी एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की भी उपस्थित सदस्यों ने प्रशंसा की।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक सदस्यों सहित रोटेरियन शर्मा, रणधीर सरोहा, हीरा लाल नारंग, विजय पाल, आशीष मित्तल, कोर सेन, संजीव सेठी, बबलू चौधरी, विनोद सिडाना, नरेश बंसल, अमर बंसल, अविनाश गोयल, रणजीत गुप्ता, उपा शिशु, चांदनी शर्मा, नीलम सिडाना, नीरजा महाजन, मंजू जगोता, कनिका गोयल सहित अनेक वरिष्ठ एवं नए सदस्यों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन संस्थान की उज्ज्वल भविष्य यात्रा तथा सभी सदस्यों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख एवं समृद्धि की मंगलकामनाओं के साथ हुआ। संस्थान ने सभी से नियमित योग अपनाने और स्वस्थ, संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

















