समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी प्रखंडों को जिम्मेदारी सौंपी : पात्र परिवारों से आवेदन करने की अपील
अररिया, 17 जुलाई 2026 : बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत नए राशन कार्ड निर्गमन के लिए राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी जिलों को 13 अगस्त 2026 तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अररिया जिला प्रशासन ने जिले में 31,600 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संबंध में गुरुवार को जिला आपूर्ति कार्यालय ने सभी अनुमंडल एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को लक्ष्य आवंटित करते हुए अभियान को युद्धस्तर पर संचालित करने का निर्देश दिया है।
जिले में वर्तमान में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 27,26,782 लाभुक आच्छादित हैं, जिनमें 25,92,482 लाभुक वर्तमान में योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। जिले में अभी 1,34,300 पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने की संभावना है। इसी कड़ी में 31,600 नए राशन कार्ड जारी किए जाने हैं। लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रतिदिन औसतन 1,053 राशन कार्ड निर्गत करने का निर्देश दिया गया है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच एवं सत्यापन की प्रक्रिया तेजी से पूरी करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अभियान की प्रतिदिन समीक्षा करने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि जिनका नाम अभी तक राशन कार्ड में शामिल नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) अथवा निर्धारित माध्यम से आवेदन कर इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं।
राज्य सरकार का यह अभियान अधिक से अधिक पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के दायरे में लाकर खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

















