शहीदों के परिजनों की समस्याएं सुनीं, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा; जवानों ने किया करीब 100 यूनिट रक्तदान
नई दिल्ली, 28 अक्टूबर : भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, चाणक्यपुरी में आयोजित विशेष समारोह के दौरान राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अपने वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 73 शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। समारोह में बल के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (हावा) की अध्यक्षा भारती कपूर ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के सम्मान में औपचारिक सलामी दी गई। ITBP बैंड की विशेष प्रस्तुति ने समारोह को भावपूर्ण बना दिया। शौर्य, समर्पण और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यनिष्ठा की याद दिलाने वाले इस आयोजन में शहीदों की गौरवगाथा को सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।
73 शहीद परिवारों से किया व्यक्तिगत संवाद
श्रद्धांजलि समारोह से पहले महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और हावा अध्यक्षा भारती कपूर ने सभी 73 शहीद परिवारों से व्यक्तिगत मुलाकात की। इस दौरान परिजनों की समस्याओं, आवश्यकताओं और कठिनाइयों को गंभीरता से सुना गया। उनके समाधान के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
ITBP नेतृत्व ने शहीद परिवारों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए स्पष्ट किया कि बल अपने वीर जवानों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। परिजनों के त्याग, धैर्य और साहस के सम्मान में उन्हें सम्मानित भी किया गया।
शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
समारोह के दौरान महानिदेशक, वरिष्ठ अधिकारियों, शहीदों के परिजनों और विशिष्ट अतिथियों ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक की शौर्य दीवार पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर देश की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के सर्वोच्च बलिदान और उनकी विरासत को याद किया गया।
शहीद परिवारों के लिए दिल्ली के प्रमुख स्थलों के भ्रमण की व्यवस्था भी की गई, ताकि उनके प्रवास के दौरान उन्हें विशेष अनुभव मिल सके।
रक्तदान से दिया मानव सेवा का संदेश
कार्यक्रम के तहत सुबह आयोजित रक्तदान शिविर में ITBP के जवानों और कार्मिकों ने स्वेच्छा से लगभग 100 यूनिट रक्तदान किया। इस पहल के माध्यम से बल ने सीमा सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।
समारोह के समापन पर एक विशेष वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से ITBP के वीर जवानों के साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान की गाथा दिखाई गई। इसमें दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा में बल के योगदान को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर आयोजित यह कार्यक्रम शहीदों के बलिदान के स्मरण के साथ उनके परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदना और सहयोग के संकल्प को दोहराने का अवसर बना। ITBP ने एक बार फिर अपने अमर शहीदों की विरासत को संजोने और उनके परिजनों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

















