• Home
  • पंचकूला
  • पंचकूला/ अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, रायपुर और टिपरा में निर्माण हटाए गए
Image

पंचकूला/ अवैध कॉलोनियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, रायपुर और टिपरा में निर्माण हटाए गए

बिना अनुमति कॉलोनी काटने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, डीटीपी ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

पंचकूला, 28 अक्टूबर : अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) बबीता गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने गांव रायपुर और टिपरा में अवैध रूप से किए गए निर्माणों को हटाया।

रायपुर गांव में अवैध कॉलोनी में बनाए गए दो डीपीसी और सड़क नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। वहीं, टिपरा गांव में दो चारदीवारी, डीपीसी और सड़क नेटवर्क सहित अन्य निर्माणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।

इस कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट डिम्पी राठी, सहायक नगर योजनाकार अशोक कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों को चेतावनी

जिला नगर योजनाकार बबीता गुप्ता ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में बिना जरूरी सरकारी अनुमति के कॉलोनी विकसित करना या निर्माण करना नियमों के खिलाफ है। ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने या निर्माण कराने से पहले यह जरूर जांच लें कि संबंधित जमीन पर कॉलोनी विकसित करने और निर्माण करने की जरूरी अनुमति है या नहीं। नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग से सीएलयू (भूमि उपयोग परिवर्तन) या लाइसेंस की आवश्यक मंजूरी के बिना निर्माण न करें और न ही अवैध कॉलोनियां विकसित करें।

प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन कर विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे में लोगों को भी सावधानी बरतने और अपनी मेहनत की कमाई लगाने से पहले जमीन के कागजात तथा जरूरी अनुमतियों की जांच करने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *