भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति और पारदर्शिता को बढ़ावा देने पर दिया गया जोर
बथनाहा (अररिया), 26 अक्टूबर : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी बथनाहा में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की शुरुआत सत्यनिष्ठा और ईमानदारी की प्रतिज्ञा के साथ हुई। वाहिनी मुख्यालय के साथ-साथ इसके अधीन सभी सीमा चौकियों पर भी अधिकारियों और जवानों ने भ्रष्टाचार से दूर रहने तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने का संकल्प लिया।
वाहिनी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी प्रवीण कुमार ने राजपत्रित अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों को प्रतिज्ञा दिलाई। इस दौरान सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता बनाए रखने, कानून का पालन करने, रिश्वत लेने-देने से बचने तथा उच्च नैतिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया गया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत बल के कर्मियों को ईमानदारी, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के महत्व से अवगत कराया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सभी सीमा चौकियों पर भी इस अभियान के माध्यम से कर्तव्यनिष्ठा और प्रशासनिक शुचिता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा कि सतर्कता और ईमानदारी केवल किसी विशेष सप्ताह तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इन्हें प्रत्येक कर्मी के दैनिक आचरण का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कर्तव्य के प्रति निष्ठा और पारदर्शिता को एक मजबूत एवं जिम्मेदार व्यवस्था की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम के माध्यम से एसएसबी कर्मियों ने राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

















