• Home
  • अररिया
  • अररिया/ जनता दरबार में 51 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
Image

अररिया/ जनता दरबार में 51 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

अररिया, 26 अक्टूबर 2026 : आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 51 मामलों की सुनवाई की गई।

जिला पदाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच करते हुए समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में अररिया आरएस निवासी सुनीता कुमारी एवं कोमल कुमारी ने स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड के माध्यम से प्राप्त ऋण चुकाने में असमर्थता जताते हुए इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। रानीगंज निवासी शाहिना खातून ने गृह रक्षक के रूप में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति एवं अनुदान का लाभ देने हेतु अनुरोध किया।

वहीं, राजोखर निवासी जैनन कुमार ने बिहार सरकार की भूमि पर रास्ता अवरुद्ध किए जाने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। नरपतगंज प्रखंड के फुलकाहा निवासी अशोक कुमार दास ने चौकीदार के पद पर नियुक्ति हेतु आवेदन दिया। अररिया निवासी पूनम देवी ने दैनिक मजदूरी का भुगतान कराने का अनुरोध किया।

इसके अतिरिक्त, जोकीहाट निवासी बेबी अमीना एवं हबीबुर रहमान ने खरीदी गई जमीन पर जबरन दखल-कब्जा किए जाने की शिकायत जिला पदाधिकारी के समक्ष रखी। जनता दरबार में शीला देवी, अभिनंदन यादव, कुंदन कुमार, बिजेंद्र ततमा, भूपेंद्र यादव सहित अन्य फरियादियों ने भी बारी-बारी से अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *