• Home
  • सुपौल
  • सुपौल/ सदर अस्पताल सुपौल में पहली बार एक्टोपिक प्रेग्नेंसी का सफल ऑपरेशन
Image

सुपौल/ सदर अस्पताल सुपौल में पहली बार एक्टोपिक प्रेग्नेंसी का सफल ऑपरेशन

चिकित्सकों और ओटी टीम की तत्परता से महिला का सफल उपचार

सुपौल, 23 सितंबर : सदर अस्पताल सुपौल में चिकित्सकों की टीम ने पहली बार एक्टोपिक प्रेग्नेंसी (गर्भाशय के बाहर गर्भ ठहरने) का सफल ऑपरेशन किया। पेट दर्द की शिकायत लेकर 23 सितंबर को इमरजेंसी विभाग पहुंची महिला की जांच के बाद इस स्थिति का पता चला। समय पर उपचार और चिकित्सकों की तत्परता से ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

इमरजेंसी में तैनात डॉ. पंकज कुमार ने महिला की प्रारंभिक जांच और चिकित्सकीय मूल्यांकन किया। जांच में एक्टोपिक प्रेग्नेंसी की पुष्टि होने के बाद इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण कर रहे सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने तत्काल चिकित्सकीय टीम गठित कर ऑपरेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की।

मरीज में एनीमिया यानी रक्त की कमी भी पाई गई थी। मरीज की आवश्यकता को देखते हुए अस्पताल के ब्लड बैंक से एक यूनिट होल ब्लड नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया, जिससे समय पर रक्त की व्यवस्था हो सकी।

ऑपरेशन टीम का नेतृत्व डॉ. राजेश पासवान ने किया। टीम में डॉ. विनय कुमार, डॉ. एम.डी. जाहिद अख्तर, डॉ. ठाकुर प्रसाद और डॉ. पंकज कुमार शामिल रहे। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. मनोज कुमार दिवाकर तथा ओटी टीम के सहयोग से ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

ऑपरेशन के दौरान सर्जरी टीम, एनेस्थीसिया टीम और ओटी स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय रहा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सदर अस्पताल सुपौल में एक्टोपिक प्रेग्नेंसी के इस प्रकार के मामले का यह पहला सफल ऑपरेशन है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा की अध्यक्षता में उपाधीक्षक डॉ. नूतन वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक बालकृष्ण चौधरी और अस्पताल प्रबंधक अभिनव आनंद के सहयोग से अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

सदर अस्पताल में इस तरह की जटिल चिकित्सा सेवा उपलब्ध होना स्थानीय मरीजों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे गंभीर मामलों में समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और आवश्यकता के अनुसार ही मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रेफर किया जा सकेगा।

अस्पताल प्रशासन ने सफल ऑपरेशन में शामिल सभी चिकित्सकों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और ओटी टीम के समन्वित प्रयास की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *