• Home
  • अररिया
  • पूर्णिया/ भारत-नेपाल सीमा पर बथनाहा आकाशवाणी रिले केंद्र को पूर्ण स्टूडियो बनाने की मांग तेज
Image

पूर्णिया/ भारत-नेपाल सीमा पर बथनाहा आकाशवाणी रिले केंद्र को पूर्ण स्टूडियो बनाने की मांग तेज

केंद्र सरकार और प्रसार भारती के अधिकारियों को भेजा पत्र

पूर्णिया, 13 सितंबर 2026 : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सूचना प्रसार और संचार व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्णिया के सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुमार श्रीवास्तव ने अररिया जिले के बथनाहा स्थित आकाशवाणी रिले केंद्र को पूर्ण स्टूडियो में अपग्रेड करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रसार भारती के चेयरमैन प्रसून जोशी, CEO गौरव द्विवेदी तथा आकाशवाणी के महानिदेशक को पत्र भेजा है।

पत्र में कहा गया है कि बथनाहा में वर्तमान में एसएसबी परिसर में आकाशवाणी का रिले केंद्र संचालित है। भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस संवेदनशील क्षेत्र की सामरिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जरूरतों को देखते हुए यहां पूर्ण स्टूडियो स्थापित किया जाना आवश्यक है।

विजय कुमार श्रीवास्तव ने पत्र में कहा है कि सीमा क्षेत्र में नेपाल के निजी एफएम चैनलों का प्रभाव अधिक है। ऐसे में बथनाहा में पूर्ण आकाशवाणी स्टूडियो स्थापित होने से सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विश्वसनीय सूचनाओं को सीमावर्ती गांवों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही यह भारत-नेपाल संबंधों में सॉफ्ट पावर डिप्लोमेसी का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

उन्होंने आपदा प्रबंधन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सीमांचल क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। आपदा के दौरान मोबाइल नेटवर्क और अन्य संचार माध्यम बाधित होने पर रेडियो महत्वपूर्ण सूचना माध्यम बन सकता है। बथनाहा में लाइव स्टूडियो की सुविधा उपलब्ध होने से आपदा के समय त्वरित सूचनाएं और जरूरी दिशा-निर्देश लोगों तक पहुंचाए जा सकेंगे।

पत्र में स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए रोजगार एवं प्रतिभा के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है। पूर्ण स्टूडियो बनने से स्थानीय प्रतिभाओं को आकाशवाणी के माध्यम से मंच मिल सकेगा और क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा मैथिली, अंगिका, कोच-राजबंशी और नेपाली लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों के स्थानीय स्तर पर निर्माण और प्रसारण की आवश्यकता भी बताई गई है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र की भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पत्र की प्रतिलिपि अररिया सांसद, बिहार के मुख्य सचिव, पूर्णिया प्रमंडल के आयुक्त, अररिया के जिलाधिकारी तथा आकाशवाणी पूर्णिया और पटना के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

विजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बथनाहा में पूर्ण आकाशवाणी स्टूडियो स्थापित होने से ‘मन की बात’ जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रमों सहित महत्वपूर्ण सूचनाएं सीमा के अंतिम गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह केंद्र भविष्य में भारत-नेपाल मैत्री, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सीमावर्ती क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *