• Home
  • सहरसा
  • सहरसा/ मीडिया कर्मी से दुर्व्यवहार पड़ा भारी : सदर अस्पताल के दो अधिकारी मुख्यालय हाज़िर
Image

सहरसा/ मीडिया कर्मी से दुर्व्यवहार पड़ा भारी : सदर अस्पताल के दो अधिकारी मुख्यालय हाज़िर

सहरसा / पटना, 18 सितंबर : सदर अस्पताल, सहरसा में मध्याह्न भोजन से बीमार हुए बच्चों की रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट किए जाने के आरोप में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार आजाद और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन लाल को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जिला पदाधिकारी, सहरसा के पत्र के आधार पर दोनों अधिकारियों के विरुद्ध मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट करने तथा घटना स्थल पर पूर्व से अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को मिटाने का आरोप प्रतिवेदित किया गया था।

जांच प्रतिवेदन के आलोक में सक्षम प्राधिकारी ने डॉ. सुशील कुमार आजाद, प्रभारी अधीक्षक एवं डॉ. रोशन लाल, चिकित्सा पदाधिकारी, सदर अस्पताल सहरसा को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार (मुख्यालय) में योगदान करने का निर्देश दिया है।

अधिसूचना में दोनों अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में योगदान सुनिश्चित करें। आदेश बिहार के राज्यपाल के आदेश से स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव उपेन्द्र राम के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *