• Home
  • नेपाल
  • बिराटनगर/ न्यूरो कार्डियो हॉस्पिटल का 26वां वार्षिकोत्सव गाईघाट में भव्य रूप से संपन्न
Image

बिराटनगर/ न्यूरो कार्डियो हॉस्पिटल का 26वां वार्षिकोत्सव गाईघाट में भव्य रूप से संपन्न

मिनी मैराथन, स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

गाईघाट, उदयपुर : पूर्वी नेपाल के नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से विराटनगर स्थित न्यूरो कार्डियो एण्ड मल्टिस्पेसियलिटी हॉस्पिटल ने उदयपुर के गाईघाट में विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के साथ अपना 26वां वार्षिकोत्सव भव्य रूप से मनाया। 2083 भदौ 13 गते (29 अगस्त 2026) शनिवार आयोजित कार्यक्रम के दौरान मिनी मैराथन, सम्मान समारोह, सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत विभिन्न गतिविधियों तथा बृहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ‘न्यूरो 26 गाईघाट रन’ मिनी मैराथन से हुई। स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस मिनी मैराथन में कुल 206 धावकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को नगद पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली 100 से अधिक महिला सामुदायिक स्वास्थ्य स्वयंसेविकाओं एवं स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। अस्पताल की ओर से संस्थागत सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत जनप्रेमी माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। साथ ही विद्यालय परिसर में साइकिल पार्किंग स्टैंड का निर्माण कराया गया। विद्यालय की पेयजल एवं शौचालय संरचना के सुधार और मरम्मत के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में त्रियुगा नगरपालिका के प्रमुख बसन्त कुमार बस्नेत, जिला उद्योग वाणिज्य संघ उदयपुर के अध्यक्ष गजेन्द्र कुमार भगत, जिला अस्पताल उदयपुर के मेडिकल सुपरिटेन्डेन्ट डॉ. सन्तोष राई, न्यूरो हॉस्पिटल के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कंसल्टेन्ट न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. बीरेन्द्र कुमार बिष्ट, कार्यकारी निर्देशक डॉ. अनिशा बिष्ट तथा अपरेशनल डाइरेक्टर राजेश भट्टराई सहित विभिन्न विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर नगर प्रमुख बसन्त कुमार बस्नेत ने बड़े शहरों तक सीमित विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-घर तक पहुंचाने के लिए अस्पताल की सराहना की। वहीं अस्पताल की कार्यकारी निर्देशक डॉ. अनिशा बिष्ट ने कहा कि पूर्वी नेपाल के लोगों को सर्वसुलभ एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल निरंतर प्रतिबद्ध है।

वार्षिकोत्सव अभियान के अंतिम चरण में स्थानीय नागरिकों के लिए बृहत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. रोशन खतिवड़ा, अर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अमित देव, जनरल सर्जन डॉ. प्रज्ज्वल खतिवड़ा, जनरल फिजिशियन डॉ. रमाकान्त राय, नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ डॉ. आशिष राज बिष्ट, तथा डेन्टल एवं मैक्सिलोफेसियल सर्जन डॉ. अमित प्रताप शाह और डॉ. जितेन्द्र मण्डल सहित वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।

स्थानीय नागरिकों ने अपने ही क्षेत्र में प्रदेश स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाएं मिलने पर राहत एवं संतोष व्यक्त किया। वार्षिकोत्सव के माध्यम से अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *