डेराबस्सी (मोहाली) : स्थानीय त्रिवेदी कैंप, मुबारकपुर स्थित खाटू श्याम मंदिर परिसर में 25 अप्रैल 2026, शनिवार को “जानकी नवमी महोत्सव” का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उत्साह के साथ किया जाएगा। मिथिला की गौरवशाली परंपरा और माता जानकी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित यह महोत्सव क्षेत्र के सनातन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।
आयोजन की शुरुआत प्रातः 8 बजे विधिवत पूजा-अर्चना से होगी, जिसमें भक्तगण बड़ी संख्या में शामिल होकर माता जानकी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात शाम 5 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्ति, लोक संस्कृति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण के रूप में सुप्रसिद्ध कलाकार यशुमति सुमन एवं प्रदीप झा अपनी टीम के साथ लाइव बैंड प्रस्तुति देंगे। उनके द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीत और लोकधुनें कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर देंगी।
महोत्सव के दूसरे दिन, 26 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें श्रद्धालु पूरे विधि-विधान के साथ माता जानकी को भावभीनी विदाई देंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने हेतु आयोजक मंडल के सदस्य कृष्णदेव विद्यार्थी, मंजीत झा, पंकज झा, माधव दास, सुनील कुमार, सुरजीत झा, पप्पू कुमार, विक्की ठाकुर, राघव राय, रतन झा, नीतीश कुशवाहा सहित अन्य सहयोगी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में कई प्रतिष्ठित एवं गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है, जिनकी उपस्थिति कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बनाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संपर्क के लिए मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं, जिससे लोग आयोजन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
आयोजन समिति ने डेराबस्सी, चंडीगढ़ एवं ट्राइसिटी क्षेत्र के सभी सनातन धर्मावलंबियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर महोत्सव में भाग लें और धार्मिक पुण्य अर्जित करें।
“जानकी नवमी महोत्सव” धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामूहिक एकता का भी प्रतीक बनेगा।

















