जोगबनी (अररिया), 25 अगस्त 2026 : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जोगबनी बीसीपी गेट पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और काउंटर पार्ट APF नेपाल के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बथनाहा के कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने की। बैठक में APF नेपाल, मोरंग के एसपी गैहेन्द्र कुमार भण्डारी सहित दोनों सुरक्षा बलों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सशस्त्र सीमा बल की ओर से उप कमान्डेंट रविकांत चौधरी, सहायक कमान्डेंट शुभ्रांशु पाण्डेय, निरीक्षक सामान्य हरेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। वहीं APF नेपाल की ओर से निरीक्षक पंकज सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने साझा गश्ती एवं आपसी समन्वय को और मजबूत करने, सीमा सुरक्षा से संबंधित सूचनाओं एवं आसूचनाओं को समय पर साझा करने तथा सीमा पार से होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने पर सहमति व्यक्त की।
इसके अलावा सीमा क्षेत्र में तस्करी तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर अंकुश लगाने, सीमा पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को रोकने एवं आवश्यक कार्रवाई करने तथा नकली भारतीय मुद्रा (FICN) की तस्करी एवं प्रसार पर प्रभावी रोक लगाने के संबंध में भी चर्चा हुई।
बैठक के दौरान दोनों बलों के बीच समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के माध्यम से आपसी तालमेल एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में दोनों सुरक्षा बलों ने भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सुरक्षा एवं आपसी सहयोग को बनाए रखने के लिए निरंतर समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

















