राकेश कुमार, जोगबनी (अररिया)
जोगबनी (अररिया), 2 सितंबर : जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में 31 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आरपीएफ द्वारा यह विशेष अभियान दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, पीआरएस काउंटर तथा यार्ड क्षेत्र में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।
आरपीएफ से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेलवे अधिनियम की धारा 147 के तहत अनधिकृत प्रवेश एवं अतिक्रमण से जुड़े 12 मामलों में कार्रवाई करते हुए 6 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, धारा 155(2) के तहत 19 मामलों में 19 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। धारा 159 के अंतर्गत अभियान के दौरान कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।
बताया गया कि यह कार्रवाई जन विश्वास (प्रावधानों में संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत की गई। आरपीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे स्टेशन और परिसर में सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे।
आरपीएफ ने यात्रियों एवं आम लोगों से रेलवे नियमों का पालन करने, स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवैध अथवा नियम-विरुद्ध गतिविधि से दूर रहने की अपील की है।

















