• Home
  • गाज़ियाबाद
  • गाज़ियाबाद/ सामाजिक सरोकारों में योगदान के लिए डॉ. जितेन्द्र बच्चन सम्मानित
Image

गाज़ियाबाद/ सामाजिक सरोकारों में योगदान के लिए डॉ. जितेन्द्र बच्चन सम्मानित

डीएम रविंद्र कुमार माँदड़ ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मान, 41 सामाजिक हस्तियों को मिला सम्मान

गाजियाबाद, 11 सितंबर 2026 : सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने डॉ. बच्चन को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।

जिलाधिकारी ने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन की कर्तव्यनिष्ठा, सामाजिक प्रतिबद्धता और निस्वार्थ सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक योगदान देने वाली कुल 41 हस्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें 35 गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा छह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मान मिला।

सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के सफर में कई सम्मान प्राप्त हुए हैं, लेकिन जिला प्रशासन की ओर से मिला यह सम्मान उनके लिए विशेष रूप से भावुक और प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह और जिला एनजीओ कोर्डिनेटर तनुज गंभीर का प्रोत्साहन सामाजिक कार्यों को और गति देगा। उन्होंने इसे ‘विकसित समाज, सशक्त भारत’ के संकल्प को मजबूत करने वाला सम्मान बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने में एनजीओ और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से सक्रिय भागीदारी की अपील की। अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने और नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने पर जोर दिया गया।

इस दौरान प्रशासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ पौधरोपण, स्वीप, एसआईआर, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यों में गैर सरकारी संगठनों और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला एनजीओ कोर्डिनेटर तनुज गंभीर सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *