
गाजियाबाद : कर्ण कायस्थ महासभा (पंजी), दिल्ली प्रदेश इकाई की ओर से रविवार, 23 अगस्त को इंदिरापुरम, गाजियाबाद स्थित सेंटर फॉर एडवांस्ड डेंटल केयर में पारिवारिक स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। सामाजिक एकजुटता, पारस्परिक परिचय और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के परिवार एवं गणमान्य सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम में जहां एक ओर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बनाया, वहीं आगामी 19-20 दिसंबर को जमशेदपुर, झारखंड में प्रस्तावित ‘कर्ण कुंभ-चतुर्थ’ को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के माध्यम से समाज के सदस्यों से आगामी आयोजन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

समारोह की शुरुआत भगवान श्री चित्रगुप्त जी को पुष्पांजलि अर्पित करने तथा चित्रगुप्त वंदना के साथ हुई। वंदना श्रीमती स्वाति दास एवं श्रीमती आराधना मल्लिक ने प्रस्तुत की। इस अवसर पर कर्णश्री डॉ. उमाशंकर चौधरी, केकेएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए आशीष नीरज, राष्ट्रीय महासचिव आनंद दास ‘गौतम’, संरक्षक सदस्य दिनेश कर्ण, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार, दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजय लाभ सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समारोह में पहुंचे सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए आशीष नीरज ने महासभा की स्थापना से लेकर अब तक की गतिविधियों और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने आगामी कर्ण कुंभ-चतुर्थ को समाज के व्यापक जुड़ाव का अवसर बताते हुए सभी परिवारों से तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की।
गीत-संगीत और काव्य ने बांधा समां
सांस्कृतिक सत्र में कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सावन की छटा को ध्यान में रखते हुए भगवान भोलेनाथ की नचारी, विवाह गीत और कजरी की प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही मुकेश एवं मोहम्मद रफी के लोकप्रिय गीतों ने भी समारोह में मौजूद लोगों को भाव-विभोर किया।
मंच संचालन केकेएम दिल्ली प्रदेश महासचिव हिमांशु सौरभ ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में अशोक भास्कर, डॉ. संजय लाभ, चंदा चौधरी, विनीता चौधरी, डॉ. अनुपमा सहाय, आराधना मल्लिक एवं स्वाति दास ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान समाज की प्रतिभाओं एवं विभूतियों को सम्मान देने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई। विभूति संकलन समिति के प्रभारी कुंदन कर्ण ने समाज की विभूतियों के संबंध में जानकारी साझा करते हुए आगामी ‘कर्णश्री’ कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कर्णश्री डॉ. उमाशंकर चौधरी एवं अभियंता बिजय कुमार लाल ने भी परिचर्चा में अपने विचार रखे।
कर्ण गोष्ठी कल्याण समिति, नोएडा के अध्यक्ष तथा उपस्थित परिवारों के आग्रह पर राष्ट्रीय महासचिव आनंद दास ‘गौतम’, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार एवं विजय ने काव्य पाठ किया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।
कलाकारों को किया गया सम्मानित
सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन के बाद सभी आमंत्रित कलाकारों को संस्था की ओर से मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में कर्ण गोष्ठी कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. यू. एन. मल्लिक, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, प्रसिद्ध कलाकार अवधेश कर्ण, अमरेंद्र कुमार दास, डॉ. नागेश्वर लाल कर्ण, अरुण कुमार कर्ण, बी. के. मल्लिक एवं के. के. करण सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समारोह में श्याम नारायण दास, निर्मल निराला, सुधीर कुमार, गौरव, विमल दास, प्रभात चौधरी, उर्मिला चौधरी समेत बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजय लाभ ने धन्यवाद ज्ञापित किया। डॉ. उमाशंकर चौधरी ने बेहतरीन आतिथ्य सत्कार के लिए डॉ. लाभ का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए आशीष नीरज एवं राष्ट्रीय महासचिव आनंद दास ‘गौतम’ को संस्था को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं तथा कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए दिल्ली प्रदेश महासचिव हिमांशु सौरभ की विशेष सराहना की।
समारोह ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सामाजिक संस्थाओं के ऐसे पारिवारिक आयोजन न केवल नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं, बल्कि समाज के विभिन्न परिवारों के बीच संवाद, आत्मीयता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।

















