• Home
  • दरभंगा
  • दरभंगा/ फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाएं, 15 अक्टूबर तक सभी पात्र किसानों की आईडी बनाएं: डीएम
Image

दरभंगा/ फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाएं, 15 अक्टूबर तक सभी पात्र किसानों की आईडी बनाएं: डीएम

पंचायतवार कार्ययोजना बनाकर किसानों को चिन्हित करने और लंबित आवेदनों के परिमार्जन का निर्देश

दरभंगा, 16 सितंबर 2026: जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पीएम किसान योजना के सभी पात्र लाभुक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी 15 अक्टूबर 2026 तक शत-प्रतिशत तैयार कर ली जाए, ताकि किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा के लिए बहादुरपुर, केवटी, सिंहवाड़ा एवं दरभंगा प्रखंड के कृषि एवं राजस्व विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि चारों प्रखंडों में करीब 24 हजार पीएम किसान लाभुकों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी अभी बनना बाकी है। जिलाधिकारी ने इन सभी पात्र किसानों को पंचायतवार चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर पंचायतवार कार्ययोजना तैयार कर ऐसे किसानों की पहचान की जाए, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है। किसान सलाहकारों को अपने-अपने क्षेत्र में किसानों से संपर्क कर आवेदन कराने और पूरी प्रक्रिया में सहयोग करने की जिम्मेदारी देने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने में आ रही समस्याओं और उनके समाधान की जानकारी संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी को होनी चाहिए। कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मियों को पंचायत स्तर पर सक्रिय रहकर किसानों को आवेदन, दस्तावेज सत्यापन एवं अन्य प्रक्रियाओं में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया।

उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारियों को फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े लंबित आवेदनों का समयबद्ध तरीके से परिमार्जन करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र किसानों की आईडी जल्द से जल्द जेनरेट की जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर 2026 तक जिले में शत-प्रतिशत पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। पंचायतवार प्रगति की नियमित समीक्षा और अनुश्रवण करने के साथ ही पदाधिकारियों को स्वयं पंचायतों में जाकर कार्य की स्थिति देखने का निर्देश दिया गया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे। संबंधित अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *