• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ पीजीजीसीजी-11 में हिंदी दिवस पर दिखा भाषा, साहित्य और रचनात्मकता का संगम
Image

चंडीगढ़/ पीजीजीसीजी-11 में हिंदी दिवस पर दिखा भाषा, साहित्य और रचनात्मकता का संगम

चंडीगढ़, 14 सितंबर 2026: पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स (पीजीजीसीजी)-11, चंडीगढ़ में हिंदी दिवस 2026 का आयोजन उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अनिता कौशल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के डीन प्रो. (डॉ.) हरविंदर सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के हिंदी विभाग के प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सभरवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व, समृद्ध परंपरा और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल जाट ने स्वागत संबोधन में कहा कि भाषा केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और संवेदनशीलता की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने हिंदी भाषा और साहित्य की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।

हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें एक मिनट कहानी प्रस्तुति, एकल अभिनय, पोस्टर निर्माण, शिक्षकों के लिए पत्र लेखन, राजभाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी और काव्य-पाठ प्रमुख रहे। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान भाषा के महत्व और जीवन में उसकी भूमिका पर आधारित लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई, जिसे अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खूब सराहा। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. निधि शर्मा और डॉ. चारु हांडा शामिल रहीं। मंच संचालन डॉ. संगम वर्मा ने किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—

पोस्टर निर्माण: प्रथम पल्लवी (पीजीजीसीजी-42), द्वितीय साक्षी (पीजीजीसीजी-42) और तृतीय सभ्यता (पीजीजीसीजी-11) रहीं।

एक मिनट कहानी प्रस्तुति: प्रथम इप्सिता (पीजीजीसीजी-11), द्वितीय मिल्ली शर्मा (पीजीजीसीजी-11) और तृतीय संजना पांडेय (पीजीजीसीजी-11) रहीं।

एकल अभिनय: प्रथम अनन्या (पीजीजीसी-11), द्वितीय राघव (पीजीजीसी-11) और तृतीय साक्षी (पीजीजीसी-11) रहीं।

पत्र लेखन: प्रथम डॉ. मनदीप सिंह (रसायन विज्ञान विभाग), द्वितीय डॉ. निधि शर्मा (फ्रेंच विभाग) और तृतीय डॉ. चारु हांडा (डांस विभाग) रहीं।

राजभाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी: प्रथम डॉ. निधि शर्मा (फ्रेंच विभाग), द्वितीय डॉ. चारु हांडा (डांस विभाग) और तृतीय श्रीमती प्रीति कश्यप (कार्यालय कर्मचारी) रहीं।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कमल कृष्ण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि, प्राचार्या, डीन, निर्णायक मंडल, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी दिवस का यह आयोजन हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, प्रेम और जागरूकता का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *