राकेश मिश्रा, चंडीगढ़
चंडीगढ़, 21 सितंबर : समाज सेवा और सामाजिक एकजुटता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेक्टर-30 निवासी समाजसेवक योगेंद्र कुमार के प्रयासों से आईटी पार्क, चंडीगढ़ स्थित मॉल में ‘हनुमान अंश’ फिल्म का विशेष शो आयोजित किया गया। इसमें सेक्टर-30 के 250 से अधिक स्थानीय निवासियों ने फिल्म देखी। कार्यक्रम में समाजसेवियों और क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में ईश्वर दत्त शर्मा, पंडित श्याम सुंदर, समाजसेवी सुभाष गोयल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने तथा समाज में आपसी एकजुटता और सकारात्मक वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।
नरेश अरोड़ा ने कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजन संस्कृति, संस्कार और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने फिल्म के विशेष शो के आयोजन के लिए योगेंद्र कुमार और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अंकुश गुप्ता, राकेश चौधरी और दीपक शर्मा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
फिल्म प्रदर्शन के बाद सेक्टर-30 स्थित शिव शक्ति मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया। फिल्म देखने पहुंचे लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के माध्यम से मनोरंजन के साथ सामाजिक सहभागिता, सेवा और आपसी भाईचारे का संदेश भी दिया गया।

















