पासी समाज को प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में आ रही समस्याओं के समाधान की मांग, DC ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पुनीत महाजन, चंडीगढ़
चंडीगढ़, 16 सितंबर : राष्ट्रीय पासी महासंघ के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को चंडीगढ़ के उपायुक्त (DC) से मुलाकात कर पासी समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही समस्याओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया में समाज के लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल में वार्ड नंबर-4 के ब्लॉक अध्यक्ष ललित, युवा अध्यक्ष विनोद तथा सलाहकार नंदू शामिल रहे।
प्रदेश अध्यक्ष सोहनलाल ने बताया कि इस संबंध में पहले भी चिराग पासवान से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया गया था, जिसके बाद आवश्यक सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
महासंघ ने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक स्तर पर उचित पहल होने से पासी समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों का समाधान होगा और पात्र लोगों को समय पर प्रमाण पत्र मिल सकेगा।

















