• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ हाउसिंग बोर्ड के हजारों परिवारों को राहत की उम्मीद, Need-Based Changes के नियमितीकरण की पहल का स्वागत
Image

चंडीगढ़/ हाउसिंग बोर्ड के हजारों परिवारों को राहत की उम्मीद, Need-Based Changes के नियमितीकरण की पहल का स्वागत

लिफ्ट की अनुमति समेत वर्षों पुरानी मांगों पर प्रशासन की पहल को बताया जनहित में महत्वपूर्ण कदम

चंडीगढ़, 16 सितंबर 2026: चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के हजारों परिवारों से जुड़े Need-Based Changes, नियमितीकरण और फ्लैटों में लिफ्ट की अनुमति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रशासन की ओर से की गई पहल का भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष अवि भसीन ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे लंबे समय से इन समस्याओं का सामना कर रहे हाउसिंग बोर्ड निवासियों के लिए राहत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अवि भसीन ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड के मकानों में परिवार की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप समय-समय पर किए गए बदलावों को लेकर बड़ी संख्या में निवासी नोटिस, पेनल्टी और अन्य परेशानियों का सामना कर रहे थे। ऐसे में इन समस्याओं की जमीनी वास्तविकता को समझते हुए प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल किया जाना स्वागत योग्य है।

उन्होंने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा गठित समिति ने Need-Based Changes से जुड़े मामलों की वास्तविक स्थिति का अध्ययन कर निवासियों की आवश्यकताओं और व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए सिफारिशें प्रस्तुत की हैं।

भसीन के अनुसार, स्वतंत्र मकानों में आवश्यक बदलावों के नियमितीकरण और हाउसिंग बोर्ड के फ्लैटों में लिफ्ट लगाने की अनुमति जैसे विषय हजारों परिवारों के दैनिक जीवन और सुरक्षा से सीधे जुड़े हैं। इसलिए इन मामलों में सकारात्मक निर्णय से लंबे समय से चली आ रही परेशानियों का समाधान होने की उम्मीद है।

उन्होंने भाजपा चंडीगढ़ के नेतृत्व का भी आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने हाउसिंग बोर्ड निवासियों की इस समस्या को लगातार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया तथा उनकी आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने का प्रयास किया।

अवि भसीन ने कहा, “यह मामला केवल भवन निर्माण से जुड़े नियमों का नहीं था, बल्कि हजारों परिवारों की जरूरतों, सुरक्षा और वर्षों से बसे उनके घरों से जुड़ा विषय था। प्रशासन ने जिस संवेदनशीलता के साथ इस मुद्दे को समझा है, उसके लिए मैं चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सभी निवासियों की ओर से माननीय प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया जी का आभार व्यक्त करता हूं।”

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के नागरिकों और उद्यमियों से जुड़े जनहित के मुद्दों को आगे भी लगातार उचित मंचों पर उठाया जाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *