• Home
  • अररिया
  • अररिया/ गांधी जयंती पर कविता खान मेमोरियल क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, मिथिला पब्लिक स्कूल फारबिसगंज बना विजेता
Image

अररिया/ गांधी जयंती पर कविता खान मेमोरियल क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, मिथिला पब्लिक स्कूल फारबिसगंज बना विजेता

जेनिथ पब्लिक स्कूल में 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, सिबतैंन मेमोरियल एकेडमी दूसरे और मेजबान विद्यालय तीसरे स्थान पर रहा

जोगबनी (अररिया), 2 अक्टूबर 2026 : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जोगबनी स्थित जेनिथ पब्लिक स्कूल में कविता खान मेमोरियल इंटर स्कूल क्विज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अररिया जिले के 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ज्ञान और तर्कशक्ति का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में मिथिला पब्लिक स्कूल, फारबिसगंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिबतैंन अहमद मेमोरियल करियर गाइड एकेडमी, अररिया दूसरे और मेजबान जेनिथ पब्लिक स्कूल, जोगबनी तीसरे स्थान पर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, मिथिला पब्लिक स्कूल फारबिसगंज के निदेशक विकास मिश्रा, सिबतैंन मेमोरियल करियर गाइड एकेडमी के प्राचार्य सिबतैंन अहमद तथा जेनिथ पब्लिक स्कूल की दिवंगत प्राचार्या कविता खान के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया।

गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में ज्ञान, अनुशासन, तर्कशक्ति और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें मिथिला पब्लिक स्कूल, फारबिसगंज; आईएचएचएस, बथनाहा; जेनिथ पब्लिक स्कूल, जोगबनी; शिशु भारती स्कूल, फारबिसगंज; पाठशाला, फारबिसगंज; ज्ञान निकेतन स्कूल, फारबिसगंज; पाई वर्ल्ड स्कूल, फारबिसगंज; जे.पी. मेमोरियल स्कूल, फारबिसगंज; न्यू इबनेजर पब्लिक स्कूल, फारबिसगंज; अल फैज एकेडमी, नरपतगंज; आर्या मिशन स्कूल, फारबिसगंज; सिबतैंन मेमोरियल करियर गाइड एकेडमी, अररिया; अररिया पब्लिक स्कूल; स्काटिकस पब्लिक स्कूल; मोहिनी देवी स्कूल; अस शाबिल स्कूल और स्टार ग्लोबल स्कूल, अररिया शामिल रहे।

तीन चरणों में हुआ मुकाबला

क्विज प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में सभी 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन करने वाले 12 विद्यालय दूसरे चरण में पहुंचे। दूसरे चरण के कड़े मुकाबले के बाद छह विद्यालयों ने फाइनल में जगह बनाई। अंतिम चरण में बजर राउंड और रैपिड फायर राउंड आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, विज्ञान, इतिहास और समसामयिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। अंतिम मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और शीर्ष तीन विद्यालयों के बीच जीत का अंतर महज एक-दो अंकों का बताया गया।

विजेता विद्यालयों को मिला पुरस्कार

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जाकिर हुसैन खान ने विजेता विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रमाणपत्र तथा सभी प्रतिभागी विद्यालयों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जोगबनी योगा ग्रुप और सामाजिक कार्यकर्ता माला मिश्रा को भी विशेष रूप से मोमेंटो प्रदान किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जेनिथ पब्लिक स्कूल के एंकर एवं कोऑर्डिनेटर राजू झा, अनुराग थापा और अलका तमांग को उत्कृष्ट मंच संचालन के लिए सम्मानित किया गया। निर्णायक सुनीता बनर्जी एवं डी.एन. विश्वास के साथ डिजिटल और तकनीकी व्यवस्था में सहयोग देने वाले आशीष रंजन, विपिन चौधरी, सूर्या और अरमान को भी सम्मानित किया गया। विवेक गुप्ता, इरफान अली, गणेश ठाकुर सहित अन्य सहयोगियों को उनके योगदान के लिए मोमेंटो प्रदान किए गए।

कविता खान की स्मृति को समर्पित आयोजन

जेनिथ पब्लिक स्कूल के निदेशक खुर्शीद खान ने कहा कि दिवंगत प्राचार्या कविता खान केवल विद्यालय की प्राचार्या ही नहीं थीं, बल्कि शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थीं। उनके शैक्षिक विचारों और सेवा-भाव को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान, तर्कशक्ति, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है।

मुख्य अतिथि जाकिर हुसैन खान ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों के ज्ञान से आगे बढ़कर देश-दुनिया को समझने का अवसर देती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमांचल के प्रतिभावान बच्चों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए ऐसे मंच लगातार मिलते रहने चाहिए।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, विद्यालयों, विद्यार्थियों, निर्णायकों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों के बीच ज्ञान, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *