दो कारों से मादक पदार्थ बरामद, सात मोबाइल फोन भी जब्त; भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के नेटवर्क को झटका
बथनाहा (अररिया), 10 अक्टूबर : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 56वीं वाहिनी, बथनाहा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान दो चारपहिया वाहनों सहित सात मोबाइल फोन जब्त किए गए और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर की शाम करीब 7:45 बजे गुप्त सूचना के आधार पर SSB की एफ समवाय जोगबनी और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बथनाहा बाजार में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। यह स्थान भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 179/02 से लगभग आठ किलोमीटर भारतीय क्षेत्र के भीतर स्थित है।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर एक स्कॉर्पियो (BR 11 PA 7118) और एक हुंडई i20 कार (BR 11 AD 0112) को रोककर तलाशी ली गई। मादक पदार्थ जांच किट की मदद से की गई जांच के दौरान दोनों वाहनों से छिपाकर रखा गया लगभग 100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों वाहनों में सवार पांच लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
जटवारा से रामपुर ले जाया जा रहा था गांजा
संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. सलमान (21), निवासी दरभंगिया टोला, फारबिसगंज; मो. अबू कलाम (24), निवासी खैरा गढ़िया, नरपतगंज; रोनी राज पंडित (22), निवासी अमौना, जोगबनी; अफरोज आलम (27), निवासी परसा, बलुआ बाजार, सुपौल; तथा अबू बकर (20), निवासी अमौना, जोगबनी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी अररिया जिले के जटवारा से गांजा लेकर रामपुर में डिलीवरी करने जा रहे थे। हालांकि, गांजे के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
दो वाहन और सात मोबाइल फोन जब्त
कार्रवाई के दौरान करीब 100 किलोग्राम गांजा, एक स्कॉर्पियो, एक i20 कार और वीवो, रियलमी, आईक्यू, वनप्लस तथा आईफोन-11 सहित विभिन्न कंपनियों के कुल सात मोबाइल फोन जब्त किए गए। बरामद सामग्री, दोनों वाहनों और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बथनाहा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। SSB और बिहार पुलिस ने सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी तथा अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

















