बोलेरो में छिपाकर ले जा रहे थे 517 किलो गांजा, SSB की नजर पड़ी तो भागा चालक
बथनाहा (अररिया), 10 सितंबर : भारत-नेपाल सीमा से सटे अररिया जिले में नशे की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। फूलकाहा थाना क्षेत्र के भवानीपुर में SSB और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बोलेरो पिकअप से 517.680 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा 21 प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया था। तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार तड़के सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से मादक पदार्थ की खेप सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना मिलते ही SSB की 56वीं वाहिनी के ‘आई’ समवाय फूलकाहा और फूलकाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी।
सुबह करीब 4:30 बजे भवानीपुर वार्ड संख्या-01 के पास टीम को एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप दिखाई दी। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। जवानों ने वाहन का पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर बोलेरो छोड़कर फरार हो गया।
वाहन की तलाशी शुरू हुई तो सुरक्षा बल भी हैरान रह गए। पिकअप के भीतर प्लास्टिक की बोरियों में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। जांच किट से परीक्षण के बाद जब्त मादक पदार्थ का वजन कराया गया, जो 517.680 किलो निकला।
बताया गया कि वाहन को भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 191/07 से करीब 2.5 किलोमीटर भारतीय क्षेत्र में भवानीपुर के पास पकड़ा गया। बरामद गांजा और बोलेरो पिकअप को कानूनी कार्रवाई के लिए फूलकाहा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
चालक की तलाश तेज
कार्रवाई के बाद पुलिस और SSB ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की खेप के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
संयुक्त कार्रवाई में SSB की ओर से एक सहायक उप निरीक्षक समेत चार जवान तथा बिहार पुलिस की ओर से दो उप निरीक्षक समेत आठ पुलिसकर्मी शामिल थे।

















