सीमा चौकी पूर्वीटोला का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण, बिहार पुलिस प्रशिक्षुओं के साथ फुटबॉल मैच और सैनिक सम्मेलन का भी हुआ आयोजन
बथनाहा (अररिया), 10 अक्टूबर : सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं वाहिनी बथनाहा में 9 से 10 अक्टूबर 2026 तक क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने दो दिवसीय औपचारिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, जवानों की सुविधाओं और सीमा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता ने उप-महानिरीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद शस्त्रागार में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने वाहिनी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान उप-महानिरीक्षक ने शस्त्रागार, परिवहन पार्क, अधिकारी मेस, अधीनस्थ अधिकारी मेस, जवान मेस, बैरक तथा वाहिनी मुख्यालय के विभिन्न कार्यालयों और शाखाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इसके बाद सम्मेलन कक्ष में अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ बैठक कर विभिन्न प्रशासनिक और परिचालन संबंधी विषयों पर चर्चा की तथा कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बिहार पुलिस प्रशिक्षुओं के साथ रोमांचक फुटबॉल मुकाबला
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप-महानिरीक्षक की उपस्थिति में बिहार पुलिस के प्रशिक्षुओं और सशस्त्र सीमा बल के बीच रोमांचक फुटबॉल मैच आयोजित किया गया। मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। इसके उपरांत उप-महानिरीक्षक ने वाहिनी मुख्यालय में बिहार पुलिस के प्रशिक्षुओं के लिए चल रहे प्रशिक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
रात्रि में सीमा चौकी का औचक निरीक्षण
सीमा प्रबंधन की जमीनी तैयारियों और जवानों की कार्यस्थितियों का जायजा लेने के लिए उप-महानिरीक्षक ने वाहिनी के कार्यक्षेत्र में आने वाली सीमा चौकी पूर्वीटोला का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा की और तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सीमा चौकी पर जवानों के साथ रात्रि भोजन में सहभागिता की तथा वहीं रात्रि विश्राम भी किया।
सैनिक सम्मेलन में फिटनेस और अनुशासन पर जोर
निरीक्षण के दूसरे दिन, 10 अक्टूबर को वाहिनी मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सशस्त्र सीमा बल के प्रेरणादायक शीर्षक गीत से हुई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ ने बल कार्मिकों को सीमा प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं, शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस तथा अनुशासन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जवानों के साथ संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया और कर्तव्य के प्रति सजग एवं प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।
सैनिक सम्मेलन का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात वाहिनी मुख्यालय में ‘बड़ा खाना’ आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और सभी बल कार्मिकों ने सामूहिक रूप से भाग लिया।
इस दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान वाहिनी की प्रशासनिक एवं परिचालन व्यवस्थाओं की समीक्षा के साथ-साथ जवानों के मनोबल, प्रशिक्षण, अनुशासन और सीमा प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में उप-महानिरीक्षक मधुकर अमिताभ, द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता सहित वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बल कार्मिक उपस्थित रहे।

















