• Home
  • अररिया
  • अररिया/ सीमावर्ती गांव भवानीपुर में एसएसबी ने लगाया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर
Image

अररिया/ सीमावर्ती गांव भवानीपुर में एसएसबी ने लगाया निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर

नरपतगंज (अररिया), 21 सितंबर 2026 : 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बथनाहा की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती गांव भवानीपुर में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन 56वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी एवं कमांडिंग अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में सीमा चौकी ‘आई’ समवाय फुलकाहा के कार्यक्षेत्र में किया गया।

शिविर में क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी पूर्णिया के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम पटेल, द्वितीय कमान अधिकारी (पशु चिकित्सा) ने सीमावर्ती पशुपालकों के पशुओं की निःशुल्क जांच की। जांच के बाद पशुओं की स्थिति के अनुसार पशुपालकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके साथ ही 56वीं वाहिनी एसएसबी की पशु चिकित्सा शाखा के कर्मचारियों ने पशुपालकों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।

शिविर से 34 सीमावर्ती पशुपालकों के कुल 184 पशु लाभान्वित हुए। एसएसबी की ओर से सीमावर्ती क्षेत्र में आयोजित इस पहल की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के शिविर से पशुपालकों को अपने पशुओं के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान 56वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट एवं ‘आई’ समवाय फुलकाहा के प्रभारी राणा कुमार सहित एसएसबी के 13 अन्य कार्मिक और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *