जोगबनी (अररिया) : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा के जवानों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। इस दौरान भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के सामान जब्त किए गए तथा छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को “डी” समवाय कुशमाहा के अंतर्गत सीमा चौकी बेरियारी की गश्ती टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 178 के समीप भारतीय क्षेत्र में लगभग 300 मीटर अंदर ग्राम बेरियारी के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। तलाशी के दौरान पाया गया कि कुछ लोग भारत से नेपाल की ओर अवैध रूप से सामान ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
एसएसबी ने मौके से 5.56 एमएम के 73 खाली कारतूस, 9 एमएम के 7 खाली कारतूस, 150 किलोग्राम इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 30 किलोग्राम मानव बाल, 40 किलोग्राम धातु उपकरण तथा 6 साइकिल बरामद कीं।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं। इनमें नासिर अहमद (43 वर्ष), रफीकुल शेख (42 वर्ष), बिलाल शेख (46 वर्ष), जुल्फीकार एस.के. (37 वर्ष), अनिशूर शेख (51 वर्ष) तथा राजन अली शेख (37 वर्ष) शामिल हैं।
जब्त सामान और गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जोगबनी थाना को सौंप दिया गया।
एसएसबी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए नियमित गश्त, निगरानी और तलाशी अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

















