राकेश कुमार, जोगबनी (अररिया)
जोगबनी (अररिया) : नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में आयोजित दो दिवसीय भव्य सत्संग और भंडारे ने पूरे इलाके को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। पूर्व वार्ड पार्षद जीवन प्रकाश साह के परिवार द्वारा उनके पुत्र-वधू की 25वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से एक नई मिसाल पेश की।
कार्यक्रम के दौरान महिला श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दोनों दिनों तक लगातार चले सत्संग में श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों, प्रवचनों और आध्यात्मिक चर्चा का आनंद लिया। अंतिम दिन गुरुवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे और सत्संग के उपरांत प्रसाद रूपी भंडारे में भाग लिया।
सत्संग में प्रवचन देते हुए महराज राजकिशोर जी, मोती बाबा और महराज कृपानन्द जी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सत्संग ही जीवन को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर विरेंद्र साह और उनकी धर्मपत्नी सविता देवी को लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके इस पहल की सराहना की। उपस्थित लोगों का कहना था कि जहां आजकल लोग वर्षगांठ पर भौतिक आयोजनों को प्राथमिकता देते हैं, वहीं इस दंपति ने आध्यात्मिक आयोजन कर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में रामा साह, जीवन साह, भगवान साह, बुदुर पासवान, अंगद यादव, महेश साह, ओम प्रकाश साह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और भक्ति-भाव में सराबोर नजर आए।

















