राकेश कुमार, जोगबनी (अररिया)
जोगबनी (अररिया), 15 मई : गर्मी के मौसम में आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जोगबनी थाना प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को आग से बचाव, सावधानियां और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में आज बैजनाथपुर में ग्रामीणों को जागरूक किया गया ।
ज्ञात हो कि अररिया जिला कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लोग घास-फूस के घरों में रहते हैं। खेतों में भूसा, पुआल और सूखी घास की अधिकता के कारण गर्मियों में आग लगने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन विभाग द्वारा विभिन्न गांवों में मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इस दौरान ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल पानी, बालू और अन्य उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर प्रारंभिक प्रयास करें तथा तुरंत अग्निशमन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
अभियान में अग्निशमन कर्मी सरुण कुमार एवं विवेक कुमार सक्रिय रूप से भाग लेकर लोगों को आग से बचाव के व्यावहारिक उपाय समझा रहे हैं। टीम ग्रामीणों को बिजली के तारों की जांच, गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, बच्चों को माचिस से दूर रखने तथा सूखी घास के ढेर के पास आग न जलाने की सलाह दे रही है।
जोगबनी थाना प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

















