राकेश कुमार, जोगबनी (अररिया)
फारबिसगंज (अररिया), 15 सितंबर 2026 : अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार के नेतृत्व में मंगलवार की अहले सुबह फारबिसगंज के रामपुर ओवरब्रिज के नीचे एवं आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासन की टीम ने पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाया।
अभियान के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फारबिसगंज, अंचल पदाधिकारी फारबिसगंज एवं थानाध्यक्ष फारबिसगंज समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।
इस दौरान एसडीएम अभय कुमार ने कहा कि फारबिसगंज में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों एवं सड़कों पर अवैध रूप से अतिक्रमण नहीं करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि फारबिसगंज एक बड़ा व्यापारिक केंद्र है, जहां आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को फारबिसगंज कॉलेज चौक के पास भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से पूर्व में माइकिंग कराकर लोगों को आवश्यक सूचना दी जा चुकी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें और अभियान के दौरान प्रशासन का सहयोग करें।

















