मंसिर 4, 2083 (20 नवंबर 2026) तक मिलेगी विशेष छूट
विराटनगर (नेपाल) : अंतरराष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर स्थानीय जहदा रोड स्थित न्यूरो कार्डियो एंड मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल प्रा.लि. ने बच्चों के लिए विशेष छूट योजना की घोषणा की है। इसके तहत बाल रोग ओपीडी सेवा में 50 प्रतिशत तथा अस्पताल में उपलब्ध सभी प्रकार की जांच एवं परीक्षणों पर 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह विशेष छूट योजना 30 कात्तिक से 4 मंसिर 2083 (16 नवंबर से 20 नवंबर 2026) तक लागू रहेगी। 20 नवंबर को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर अस्पताल ने बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से यह पहल की है।
इस योजना के अंतर्गत छूट अवधि के दौरान बाल रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेने वाले मरीजों को ओपीडी शुल्क में 50 प्रतिशत की राहत मिलेगी। इसके अलावा अस्पताल में उपलब्ध सभी प्रकार की जांच एवं परीक्षणों पर 15 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
गौरतलब है कि अस्पताल इस वर्ष अपनी स्थापना का 26वां वार्षिकोत्सव मना रहा है। ‘आशा, उपचार और मानवता की यात्रा’ के मूल मंत्र के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा अस्पताल इस विशेष अवसर पर बच्चों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए यह योजना लेकर आया है।
अस्पताल प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएं और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें। स्वास्थ्यकर्मियों के अनुसार बचपन में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार से भविष्य में गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।

















