• Home
  • किशनगंज
  • किशनगंज/ पोठिया प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चयन का निर्देश
Image

किशनगंज/ पोठिया प्रखंड कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चयन का निर्देश

पोठिया (किशनगंज), 16 सितंबर 2026 : जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पोठिया प्रखंड कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव, पत्रों के निष्पादन, कर्मियों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों, साफ-सफाई एवं कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय में संधारित सभी संचिकाओं एवं पंजीयों को निर्धारित इंडेक्स के अनुसार क्रमबद्ध एवं सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय के अभिलेख महत्वपूर्ण प्रशासनिक दस्तावेज होते हैं। इनके रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद जिला पदाधिकारी ने रायपुर पंचायत के धोबिनिया गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-291 का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित पोषण कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

आंगनबाड़ी केंद्र में निर्मित शौचालय, किचन, अन्य आवश्यक सुविधाओं तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया गया। उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इसी तर्ज पर अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों एवं लाभार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने मनरेगा योजना के तहत आंगनबाड़ी परिसर में नींबू, सहजन (मोरिंगा) एवं अमरूद के पौधे भी लगाए।

उन्होंने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए यथाशीघ्र उपयुक्त सरकारी भूमि का चयन कर नियमानुसार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। वहीं सीडीपीओ को अंचल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिह्नीकरण एवं चयन कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण एवं कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, सीडीपीओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *