तस्कर को छुड़ाकर नेपाल की ओर भागे सहयोगी, पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी
बथनाहा (अररिया), 15 सितंबर 2026 : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कार्रवाई पथरदेवा गांव के वार्ड नंबर-01 में भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 186 से करीब 200 मीटर भारत की ओर की गई।
एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश कर रहा है और उसके पास एक थैले में संदिग्ध सामान है। सूचना के आधार पर आरक्षी (सामान्य) गंगा सागर शाव और आरक्षी (सामान्य) ओम प्रकाश कुमार ने संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और मौके पर मौजूद कुछ लोगों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, ने एसएसबी जवानों के साथ छीना-झपटी शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसबी की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तत्काल पथरदेवा गांव के लिए रवाना हुई। QRT के मौके पर पहुंचते ही छीना-झपटी कर रहे लोग गांजा से भरा थैला छोड़कर पूछताछ के लिए पकड़े गए व्यक्ति सोनू दास को अपने साथ लेकर नेपाल की ओर भाग गए।
एसएसबी जवानों ने मौके से गांजा से भरा थैला बरामद कर लिया। वजन करने पर उसमें कुल 9.5 किलोग्राम गांजा पाया गया।
एसएसबी के अनुसार, बरामद गांजा के साथ पकड़े गए सोनू दास तथा उसे छुड़ाकर नेपाल की ओर भगाने में मदद करने वाले कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जब्त गांजा को बथनाहा थाना पुलिस को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया जाएगा।
एसएसबी ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

















