• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ हेमराज चौधरी बने एचपीसीबीएमए के नए अध्यक्ष, उद्योग की समस्याओं के समाधान का लिया संकल्प
Image

चंडीगढ़/ हेमराज चौधरी बने एचपीसीबीएमए के नए अध्यक्ष, उद्योग की समस्याओं के समाधान का लिया संकल्प

सोहन रावत, चंडीगढ़

चंडीगढ़, 14 सितंबर 2026: हिमाचल प्रदेश कोरुगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एचपीसीबीएमए) की वार्षिक आम बैठक यहाँ एक होटल में हेमराज चौधरी को एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया। पदभार संभालते हुए उन्होंने प्रदेश के कोरुगेटेड बॉक्स उद्योग को नई दिशा देने और उद्योग से जुड़ी समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।

बैठक में एचपीसीबीएमए की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। हेमराज चौधरी को अध्यक्ष, हेमराज शर्मा को उपाध्यक्ष-1, रजत गुलाटी को महासचिव और संजीव जैन को वित्त सचिव चुना गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष हेमराज चौधरी ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि एसोसिएशन में लागत, गुणवत्ता, डेटा और एआई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सदस्यों के लिए कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि हिमाचल का कोरुगेटेड बॉक्स उद्योग आधुनिक तकनीक के साथ प्रतिस्पर्धा कर सके।

उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल उद्योग की समस्याओं को बताना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए मिलकर काम करना है। हमारी एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

हेमराज चौधरी ने सभी सदस्यों से एसोसिएशन को मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में एकता, पारदर्शिता, संवाद और परिणाम प्रमुख आधार होंगे।

हेमराज चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग के सामने क्राफ्ट पेपर की बढ़ती कीमतें, जीएसटी में अंतर, वर्किंग कैपिटल का दबाव, बढ़ती उत्पादन लागत और भुगतान चक्र जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि एचपीसीबीएमए इन मुद्दों को केवल उठाएगी ही नहीं, बल्कि ठोस आंकड़ों और व्यावहारिक सुझावों के साथ सरकार के सामने उनके समाधान की पहल भी करेगी।

पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने बताया कि जहां पेपर मिलें 15 दिनों में कीमतें बढ़ा देती हैं, वहीं छोटी इकाइयों को एम एन सी से बढ़ी हुई कीमतें हासिल करने में 2 से 3 महीने लग जाते हैं। 3 से 4 प्रतिशत के मामूली मार्जिन पर काम करने वाला उद्योग अब 14 से 16 प्रतिशत के घाटे का सामना कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार, वाणिज्य मंत्रालय और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि इस बढ़ोतरी पर रोक नहीं लगी तो देश के एमएसएमई कार्टन उद्योग के अस्तित्व पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

बैठक में फेडरेशन ऑफ कोरुगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स ऑफ इंडिया (एफसीबीएम) के अध्यक्ष राजेंद्र भाटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रो. बिंदु शर्मा, के.पी. सिंह, हरियाणा के अध्यक्ष सनी जैन, पंजाब के अध्यक्ष कुलदीप मक्कड़, कंवरदीप शर्मा और बिजेंद्र कौशिक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

हेमराज चौधरी को नई जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए भाटी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कोरुगेटेड पैकेजिंग इंडस्ट्री में हेमराज चौधरी का अनुभव और सक्रिय भूमिका निश्चित रूप से उद्योग के लिए उपयोगी साबित होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में एचपीसीबीएमए उद्योग की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और एफसीबीएम के साथ मिलकर कोरुगेटेड इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

बैठक में विकास सिंगला, सुशील सिंगला, विशाल सिंगला, गुरदीप सैनी, सतीश सैनी, मनोज सैनी, पंकज मित्तल, तेजिंदर बंसल, अशोक राणा, अजय राणा, गुरदीप चौहान, सुनील गर्ग, महेश भनुशाली, सुनील गौड़, एम.एल. पठानिया, प्रमोद कुमार, बलदेव गोयल, निर्मल सिंगला, सुमित सिंगला, सौरव ठाकुर, अमित राणा, के.के. बंसल, यूनियन बैंक के मैनेजर मनप्रीत, रेंज ऑफिसर प्रीतम पाल ठाकुर, बिल्डर भगवान सैनी और अजय जैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, उद्योग प्रतिनिधि तथा एसोसिएशन के सदस्य भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *