• Home
  • सुपौल
  • सुपौल/ सात निश्चय योजनाओं की हुई समीक्षा, कॉलेजों व मदरसों में काउंसलिंग के निर्देश
Image

सुपौल/ सात निश्चय योजनाओं की हुई समीक्षा, कॉलेजों व मदरसों में काउंसलिंग के निर्देश

सुपौल, 14 सितंबर 2026 : जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC), सुपौल में सोमवार को समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने की। इसमें सात निश्चय के तहत ‘आर्थिक हल, युवाओं को बल’ कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना की गहन समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिले के सभी महाविद्यालयों एवं मदरसों में विशेष काउंसलिंग का आयोजन किया जाए। काउंसलिंग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत लाभुकों की संख्या बढ़ाने के लिए महाविद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे इंटर एवं स्नातक उत्तीर्ण युवाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया, जिन्होंने आगे की पढ़ाई छोड़ दी है और वर्तमान में बेरोजगार हैं। ऐसे युवाओं को योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जिला योजना पदाधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (योजना एवं लेखा) मणिभूषण कुमार, प्रबंधक, DRCC रंजीत कुमार तथा सहायक प्रबंधक (योजना) हेम नारायण चौधरी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *