जोगबनी (अररिया), 13 सितंबर 2026: भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) बथनाहा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। संयुक्त कार्रवाई में 210 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे आसूचना के आधार पर 56वीं वाहिनी की एफ समवाय जोगबनी तथा बिहार पुलिस की टीम ने भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 180/01 के समीप इंद्रानगर-टिकूलिया बस्ती क्षेत्र में संयुक्त गश्त शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक टीम के हत्थे चढ़े।
संदिग्धों की तलाशी के दौरान उनके पास से पॉलीथिन सहित करीब 210 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। मादक पदार्थ जांच किट से जांच के बाद पदार्थ की पुष्टि की गई। इसके अलावा एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक आईटेल कीपैड मोबाइल भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देव कुमार शर्मा (21), पिता उपेंद्र शर्मा, निवासी बेला, थाना बसमतिया, जिला अररिया तथा महेश कुमार शर्मा (18), पिता बैजनाथ शर्मा, निवासी बेला, थाना बसमतिया, जिला अररिया के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बरामद ब्राउन शुगर को टिकूलिया बस्ती से लाकर बेला पहुंचाने की योजना थी। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बरामद मादक पदार्थ, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जोगबनी थाना पुलिस को सौंप दिया।
सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और कार्रवाई तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

















