• Home
  • अररिया
  • अररिया/ जोगबनी के बैजनाथपुर में गहरे पानी के गड्ढे में डूबने से 14 वर्षीय बालक की मौत
Image

अररिया/ जोगबनी के बैजनाथपुर में गहरे पानी के गड्ढे में डूबने से 14 वर्षीय बालक की मौत

गुरुवार से लापता था सत्यम, शुक्रवार सुबह पानी में तैरता मिला शव; इलाके में पसरा मातम

वसीम राणा, जोगबनी (अररिया)

जोगबनी (अररिया), 11 सितंबर, 2026 : जोगबनी थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर वार्ड संख्या-2 में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बैजनाथपुर निवासी सत्यम गिरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सत्यम गुरुवार से ही लापता था और परिजन व स्थानीय लोग उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण जब क्षेत्र की ओर निकले तो पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में एक शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव पानी में फूलकर ऊपर आ गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लापता सत्यम गिरी के रूप में की।

घटना की सूचना मिलते ही जोगबनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इधर, घटना की खबर फैलते ही बैजनाथपुर और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में कई स्थानों पर गहरे पानी से भरे गड्ढे बने हुए हैं, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने ऐसे खतरनाक गड्ढों की सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *