• Home
  • सुपौल
  • सुपौल/ डीएम ने सरायगढ़ के मॉडल स्कूल का किया औचक निरीक्षण, कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षा लगाने का निर्देश
Image

सुपौल/ डीएम ने सरायगढ़ के मॉडल स्कूल का किया औचक निरीक्षण, कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षा लगाने का निर्देश

सरायगढ़ (सुपौल), 10 सितंबर 2026 : जिला पदाधिकारी सुपौल श्री सावन कुमार, भा.प्र.से. ने गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षक उपस्थिति, कक्षा संचालन एवं बच्चों के सीखने के स्तर की गहनता से समीक्षा की।

जिला पदाधिकारी ने सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) जनता फागू मेहता उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैसा का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षक उपस्थिति पंजी की जांच में पदस्थापित 12 शिक्षकों में 10 शिक्षक उपस्थित मिले। एक शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर थीं, जबकि एक शिक्षक आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण में गए हुए थे।

विद्यालय में कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से पाया गया। डीएम ने शिक्षकों द्वारा तैयार की जा रही पाठ-टिप्पणियों तथा बच्चों की साप्ताहिक मूल्यांकन उत्तरपुस्तिकाओं का अवलोकन किया। बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन और शिक्षकों की कार्यप्रणाली से संतुष्ट होकर उन्होंने संबंधित शिक्षकों एवं बच्चों को बुलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही शिक्षकों को वर्तमान से भी बेहतर शैक्षणिक कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के ICT लैब, ISM लैब, स्मार्ट क्लास, वर्ग कक्ष एवं शौचालय का भी जायजा लिया। सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

एक ही परिसर में संचालित दोनों विद्यालयों को लेकर निर्देश

विद्यालय परिसर में ही संचालित प्राथमिक विद्यालय बैसा एवं प्राथमिक विद्यालय कबियाही (शिफ्ट) का भी जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण किया। वर्ग कक्षों की कमी को देखते हुए उन्होंने दोनों विद्यालयों का पठन-पाठन कार्य एक साथ संचालित करने का निर्देश दिया।

वहीं प्राथमिक विद्यालय बैसा में कक्षा चार के बच्चों द्वारा हिन्दी का पाठ धाराप्रवाह नहीं पढ़ पाने पर डीएम ने गंभीर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित वर्ग शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाते हुए कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं आयोजित कर उन्हें शैक्षणिक रूप से मुख्यधारा से जोड़ने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को संबंधित प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने तथा विद्यालय का लगातार निरीक्षण करते रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *