• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ पंजाब के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का मौका, 30 सितंबर तक खुला विकसित भारत क्विज
Image

चंडीगढ़/ पंजाब के युवाओं के लिए प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का मौका, 30 सितंबर तक खुला विकसित भारत क्विज

चंडीगढ़, 10 सितंबर 2026 : पंजाब के युवाओं के लिए विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का एक बड़ा अवसर सामने आया है। माय भारत पंजाब ने प्रदेश के युवाओं से विकसित भारत क्विज में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। क्विज में भाग लेने के लिए mybharat.gov.in पर पंजीकरण कराया जा सकता है। इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है।

प्रेस क्लब, चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए माय भारत पंजाब की राज्य निदेशक (प्रभारी) रश्मीत कौर ने बताया कि विकसित भारत क्विज, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 का पहला चरण है। यह पांच चरणों वाली पूरी तरह योग्यता आधारित चयन प्रक्रिया है। चयनित युवाओं को जनवरी 2027 में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।

VBYLD 2027 का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से किया जा रहा है, जबकि माय भारत इसकी कार्यकारी एजेंसी है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1995 से आयोजित हो रहे राष्ट्रीय युवा महोत्सव को वर्ष 2025 में विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के अनुरूप नए रूप में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में बदला गया है। पिछले संस्करण में देशभर से 50 लाख से अधिक युवाओं ने क्विज में हिस्सा लिया था और करीब 3,000 युवाओं का चयन राष्ट्रीय संवाद के लिए हुआ था।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकते हैं हिस्सा

17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष की आयु वाला कोई भी युवा इस प्रक्रिया में भाग ले सकता है। पंजीकरण और सभी डिजिटल चरण पूरी तरह नि:शुल्क हैं। माय भारत पोर्टल पर कई भाषाओं में यह सुविधा उपलब्ध है। जो युवा पहले से माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत हैं, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं है और वे सीधे क्विज में भाग ले सकते हैं।

पंजाब के युवाओं के लिए खास थीम

इस बार मंत्रालय ने राष्ट्रीय विषयों के बजाय 10 क्षेत्रीय समूह बनाए हैं। पंजाब को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के साथ एक क्षेत्रीय समूह में रखा गया है। इस समूह की थीम “भविष्य का सुशासन, शहरी रूपांतरण एवं नागरिक सेवाएं” है।

इसमें युवाओं के सामने यह सवाल रखा गया है कि भारत वर्ष 2047 तक दुनिया की सबसे कुशल, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित शासन व्यवस्था कैसे बना सकता है। जिला स्तर पर भी इसी विषय को पंजाब की स्थानीय जरूरतों और परिस्थितियों के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।

पांच चरणों में होगा चयन

विकसित भारत क्विज के बाद चयनित युवाओं को आगे की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसके तहत 500 शब्दों का विकसित भारत निबंध, जिला चैंपियनशिप, राज्य स्तर का VBYLD और इसके बाद राष्ट्रीय संवाद होगा।

  • विकसित भारत क्विज: 30 सितंबर 2026 तक
  • विकसित भारत निबंध: चयनित प्रतिभागियों के लिए, तिथियों की जानकारी माय भारत पोर्टल पर दी जाएगी
  • जिला चैंपियनशिप: नवंबर 2026
  • राज्य VBYLD: नवंबर-दिसंबर 2026
  • राष्ट्रीय संवाद: 10 से 12 जनवरी 2027, नई दिल्ली

जिला चैंपियनशिप में प्रत्येक जिले के शीर्ष 50 प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति देंगे, जिनमें से शीर्ष दो प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

छह अलग-अलग ट्रैक में युवाओं को मौका

VBYLD 2027 में केवल विकसित भारत चैलेंज ट्रैक ही नहीं है। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज और अन्य ट्रैक में भी भाग लेने का अवसर मिलेगा। सांस्कृतिक ट्रैक में लोक नृत्य, लोक गीत, चित्रकला, वक्तृत्व और कविता लेखन जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

रश्मीत कौर ने कहा कि यह केवल प्रतिभा प्रदर्शन का मंच नहीं, बल्कि देश के भविष्य के नेतृत्व की खोज का अभियान है। उन्होंने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और 30 सितंबर की अंतिम तिथि से पहले विकसित भारत क्विज में जरूर भाग लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *