जोगबनी (अररिया), 3 सितंबर : भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ सतर्क 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा को बड़ी सफलता मिली है। जोगबनी सीमा पर एसएसबी जवानों ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत लाई जा रही 5 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की है। इस मामले में एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग के हवाले कर दिया गया है।
एसएसबी के अनुसार, 1 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:20 बजे बीसीपी गेट जोगबनी के समीप सीमा स्तंभ संख्या 180 के पास तैनात जवानों को आसूचना तंत्र से सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से एक व्यक्ति भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा लेकर भारत में प्रवेश करने वाला है।
सूचना मिलते ही ‘एफ’ समवाय जोगबनी के जवान सतर्क हो गए और सीमा पार करने वाले लोगों की गहन जांच शुरू की। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास काले रंग की पॉलिथीन में छिपाकर रखी गई 5,00,000 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 29 वर्षीय जुबेर आलम, पिता मनुवर अली, निवासी वार्ड संख्या 06, बिराटनगर, जिला मोरंग, नेपाल के रूप में हुई है। उसके पास से नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र भी बरामद किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बतौर कैरीयर काम कर रहा था और उक्त राशि बिराटनगर स्थित बिराटनगर नर्सिंग हॉस्पिटल के समीप से लेकर जोगबनी के कलकत्ता क्लॉथ स्टोर पहुंचाने जा रहा था।
बरामद भारतीय मुद्रा और गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, फारबिसगंज को सुपुर्द कर दिया गया है।
एसएसबी ने कहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी और संदिग्ध आवागमन को रोकने के लिए बल पूरी तरह सतर्क है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

















