• Home
  • मोहाली
  • मोहाली/ मोहाली प्रेस क्लब की नई टीम का 27वां ताजपोशी समारोह संपन्न
Image

मोहाली/ मोहाली प्रेस क्लब की नई टीम का 27वां ताजपोशी समारोह संपन्न

दबे-कुचले लोगों की आवाज उठाने में मीडिया की अहम भूमिका : रंजीत पाल सिंह

प्रेस क्लब के लिए स्थायी भवन की उठी मांग : हरसंभव सहयोग का मिला आश्वासन

नीतीश कुमार सिंह, चंडीगढ़

मोहाली, 25 जुलाई : मोहाली प्रेस क्लब के 27वें ताजपोशी समारोह का आयोजन शुक्रवार को सेक्टर-71 स्थित प्राचीन कला केंद्र में गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। समारोह में पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन सरदार रंजीत पाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए मीडिया की भूमिका की सराहना की।

अपने संबोधन में रंजीत पाल सिंह ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज के दबे-कुचले, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज में घटित हर महत्वपूर्ण घटना को जनता तक पहुंचाने का कार्य मीडिया करता है, इसलिए उसकी जिम्मेदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे मोहाली जैसे शहर में प्रेस क्लब का अपना भवन होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्लब की इस मांग को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा तथा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

समारोह में जिला लोक संपर्क एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीपीआरओ) रविंदर सिंह मक्कड़, नगर निगम मोहाली के डिप्टी मेयर हरपाल सिंह चन्ना, लेखक डॉ. स्वराज सिंह संधू तथा फिल्म कलाकार बनिंदरजीत सिंह बनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने मोहाली प्रेस क्लब की स्मारिका का विमोचन किया तथा उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन हरिंदर सिंह हर ने किया।

मोहाली प्रेस क्लब के महासचिव सुखदेव सिंह पटवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मोहाली आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है, लेकिन विडंबना यह है कि 27 वर्षों से सक्रिय प्रेस क्लब के पास आज भी अपना भवन नहीं है। उन्होंने कहा कि क्लब सीमित संसाधनों और बिना सरकारी सहायता के किराये के भवन से लगातार पत्रकारों की सेवा कर रहा है।

इस अवसर पर मोहाली प्रेस क्लब की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी का औपचारिक अभिनंदन किया गया। नई टीम में गुरमीत सिंह शाही अध्यक्ष, सुखदेव सिंह पटवारी महासचिव, मनजीत सिंह चाना वरिष्ठ उपाध्यक्ष, नीलम ठाकुर एवं विजय पाल उपाध्यक्ष, राजीव तनेजा कोषाध्यक्ष, विजय कुमार संगठन सचिव तथा डॉ. रविंदर कौर एवं संदीप बिंद्रा संयुक्त सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *