नरपतगंज (अररिया), 25 जुलाई : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बथनाहा एवं बिहार पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 123 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को 56वीं वाहिनी एसएसबी के ‘आई’ समवाय फुलकाहा के कार्यक्षेत्र में स्थित मानिकपुर गांव के समीप सीमा स्तंभ संख्या 188/4 के पास भारत की ओर लगभग 50 मीटर की दूरी पर संयुक्त गश्ती के दौरान एक मोटरसाइकिल पर नेपाल से भारत लाए जा रहे लगभग 123 लीटर नेपाली शराब को जब्त किया गया।
इस दौरान परमानंद मुखिया (लगभग 35 वर्ष), निवासी गांव चैनपुर, थाना भीमपुर, जिला सुपौल को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में शराब की खेप नेपाल से भारत लाए जाने की आशंका जताई गई है।
56वीं वाहिनी एसएसबी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त और संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से अवैध सामान की जब्ती का अभियान लगातार जारी रहेगा।
जब्त की गई नेपाली शराब, मोटरसाइकिल तथा गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद फुलकाहा थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

















