नरपतगंज (अररिया), 23 जुलाई : पत्रकारिता को जनसेवा का माध्यम मानने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक जागरण के दिवंगत पत्रकार स्वर्गीय प्रेमप्रकाश सिंह उर्फ़ ‘चीकू यादव’ की पुण्यतिथि पर उनके आदर्शों को याद करते हुए एक प्रेरणादायी सामाजिक पहल की गई। भंगही पंचायत के संथाली टोला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बस्ती के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बीच कॉपी, कलम और पेंसिल वितरित कर शिक्षा का संदेश दिया गया।
Digital Press Club (Division by Working Digital Media Press Foundation) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय चीकू यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उनकी स्मृतियों को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उनके छोटे भाई अजीत कुमार ने कहा कि चीकू यादव ने अपने पूरे जीवन में निष्पक्ष और जनपक्षधर पत्रकारिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वे समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज़ को प्रमुखता से उठाते थे तथा हमेशा सत्य के पक्ष में खड़े रहे। उनके विचार और कार्यशैली आज भी नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणा हैं।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति की स्मृति को जीवंत रखने का सबसे प्रभावी तरीका समाज के लिए सकारात्मक कार्य करना है। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह प्रयास न केवल बच्चों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता का संदेश भी देगा।
कार्यक्रम में नजरिया न्यूज के विकास प्रकाश, नवबिहार 24 के राजीव सिंह, वायरल न्यूज 974 के साधन यादव, दैनिक जागरण के कुमार भोलेश्वर सागर, पाई एक्सप्रेस न्यूज के शिवम पोद्दार, सचिन पोद्दार, आदित्य जायसवाल सहित Digital Press Club के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी ने स्वर्गीय प्रेमप्रकाश सिंह ‘चीकू यादव’ की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके सत्य, निष्पक्षता तथा जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। यह आयोजन इस बात का प्रतीक बना कि सच्ची श्रद्धांजलि केवल स्मरण नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए सार्थक कार्यों में निहित होती है।

















