• Home
  • चंडीगढ़
  • चंडीगढ़/ चितकारा यूनिवर्सिटी बनेगी BAJA SAEINDIA 2027 के वर्चुअल राउंड का केंद्र
Image

चंडीगढ़/ चितकारा यूनिवर्सिटी बनेगी BAJA SAEINDIA 2027 के वर्चुअल राउंड का केंद्र

नीतीश कुमार सिंह, चंडीगढ़

17 से 19 जुलाई तक देशभर की 186 इंजीनियरिंग टीमें दिखाएंगी नवाचार और तकनीकी कौशल

चंडीगढ़, 17 जुलाई : देश में भविष्य की मोबिलिटी तकनीकों को बढ़ावा देने और इंजीनियरिंग शिक्षा को उद्योग से जोड़ने की दिशा में चितकारा यूनिवर्सिटी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यूनिवर्सिटी 17 से 19 जुलाई तक आयोजित होने वाले BAJA SAEINDIA 2027 के वर्चुअल राउंड की मेजबानी करेगी, जिसमें देशभर की 186 इंजीनियरिंग टीमें हिस्सा लेंगी।

इससे पहले चितकारा यूनिवर्सिटी में BAJA SAEINDIA आयोजन समिति और ऑटोमोबाइल उद्योग के वरिष्ठ विशेषज्ञों की वीरवार को एक उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भविष्य की मोबिलिटी, अनुभवात्मक शिक्षा तथा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में BAJA SAEINDIA आयोजन समिति के चेयरमैन बलराज सुब्रमण्यम, मानद सचिव जतिन गर्ग, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. के.सी. वोरा, एआरएआई के पूर्व निदेशक एवं ऑटोमोटिव विशेषज्ञ बलराज भनोट सहित चितकारा यूनिवर्सिटी की प्रेसिडेंट एवं सह-संस्थापक डॉ. मधु चितकारा, कुलपति डॉ. संधीर शर्मा और रजिस्ट्रार डॉ. राकेश शर्मा उपस्थित रहे।

चेयरमैन बलराज सुब्रमण्यम ने कहा कि BAJA SAEINDIA वर्षों से विद्यार्थियों को वास्तविक इंजीनियरिंग चुनौतियों से जोड़ते हुए नवाचार और प्रायोगिक शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है। वहीं कुलपति डॉ. संधीर शर्मा ने कहा कि उद्योग और विश्वविद्यालयों के बीच मजबूत साझेदारी ही विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर सकती है।

बैठक में बताया गया कि BAJA SAEINDIA अब देश के सबसे प्रतिष्ठित अनुभवात्मक इंजीनियरिंग प्लेटफॉर्म में शामिल हो चुका है। प्रतियोगिता के तहत👌 विद्यार्थी ऑल-टेरेन वाहन की अवधारणा तैयार करने से लेकर उसकी डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग विश्लेषण, निर्माण और परीक्षण तक की पूरी प्रक्रिया स्वयं पूरी करते हैं। इसके बाद विशेषज्ञ वाहन की सुरक्षा, नवाचार, प्रदर्शन और तकनीकी गुणवत्ता का मूल्यांकन करते हैं।

इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए देशभर से 186 टीमों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 102 ई-BAJA, 58 एम-BAJA और 26 एच-BAJA टीमें शामिल हैं। वर्चुअल राउंड के दौरान डिजिटल इंजीनियरिंग टूल्स और सिमुलेशन आधारित मूल्यांकन के माध्यम से टीमों के डिजाइनों का आकलन किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों के लिए ऑटोमोबाइल विषय पर तकनीकी क्विज भी आयोजित होगी। चयनित टीमें प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश करेंगी।

चितकारा यूनिवर्सिटी की प्रेसिडेंट एवं सह-संस्थापक डॉ. मधु चितकारा ने कहा कि BAJA SAEINDIA जैसे मंच विद्यार्थियों को कक्षा में सीखी गई तकनीकी अवधारणाओं को वास्तविक नवाचार में बदलने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनकी तकनीकी दक्षता के साथ नेतृत्व, टीमवर्क और समस्या समाधान जैसी व्यावसायिक क्षमताओं का भी विकास होता है।

बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच निरंतर सहयोग ही भारत में भविष्य की मोबिलिटी और इंजीनियरिंग शिक्षा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *