राकेश कुमार, जोगबनी (अररिया)
जोगबनी (अररिया), 16 जुलाई : जोगबनी थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के समीप एक युवक पर कथित फायरिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित ने जोगबनी थाना में लिखित आवेदन देकर तीन लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।
दक्षिण महेश्वरी वार्ड-16 निवासी संजीव कुमार साह ने अपने आवेदन में बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब पांच बजे वह नेताजी चौक स्थित एक पान दुकान पर पहुंचे थे। उनके अनुसार, वहां उनके परिचित 12 वर्षीय रोशन मंडल के साथ कथित रूप से मारपीट की जा रही थी। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि तीनों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की तथा बाद में एक आरोपी ने पिस्तौल से उन पर गोली चला दी। संजीव कुमार साह का कहना है कि उन्होंने झुककर अपनी जान बचाई, जिससे गोली उनके कंधे के पास से निकल गई।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने रोशन मंडल को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। हालांकि, आसपास के लोगों के जुटने और शोर मचने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने जोगबनी थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, पुलिस शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

















